नई दिल्ली । भाजपा ने दिल्ली सरकार से जल बोर्ड के ढाई वर्षों के कामकाज पर श्वेत पत्र लाने की मांग की है। उसका कहना है कि जल बोर्ड भ्रष्टाचार का बड़ा अड्डा बन गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद एक साल में दूसरी बार यह स्वीकार कर चुके हैं कि जल बोर्ड में सब कुछ ठीक नहीं है। जल बोर्ड में फैले भ्रष्टाचार को सामने लाना जरूरी है।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि शीला दीक्षित सरकार के दौरान शुरू हुआ जल टैंकर घोटाला आज भी जारी है। मुख्यमंत्री विधानसभा में इस घोटाले को स्वीकार चुके हैं। नई पाइपलाइन डालने और जल टैंकर से पानी पहुंचाने के दावे भी झूठे साबित हुए हैं। झुग्गी बस्तियों, अनधिकृत कॉलोनियों और देहात में लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।

तिवारी ने कहा  इसी तरह सीवर सफाई के मामले में जल बोर्ड विफल रहा है जिससे लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक संरक्षण के बिना जल बोर्ड में भ्रष्टाचार नहीं हो सकता है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की जानकारी में जल बोर्ड में भ्रष्टाचार हो रहा है। इसे छिपाने के लिए विभाग का मंत्री बदल दिया जाता है। राजेंद्र गौतम को भी इसी कारण हटाया गया है। भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए श्वेत पत्र लाना जरूरी है। इस मांग को लेकर भाजपा नेता उपराज्यपाल से भी मिलेंगे।

loading...