द्वारका सेक्टर 10 में 221 फीट के रावण का होगा दहन,द्वारका श्री रामलीला सोसायटी ने किया भूमि पूजन

SHARE:

 

द्वारका सेक्टर 10 में 221 फीट के रावण का होगा दहन,द्वारका श्री रामलीला सोसायटी ने किया भूमि पूजन

नई दिल्ली, 6 सितंबर। द्वारका सेक्टर-10 में इस वर्ष 15वी रामलीला का आयोजन भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में किया जाएगा। द्वारका श्री रामलीला सोसायटी की ओर से आगामी रामलीला मंचन की तैयारियों का शुभारंभ रविवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर किया गया।

सेक्टर-10, द्वारका स्थित रामलीला मैदान में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में सोसायटी के चेयरमैन एवं मुख्य संरक्षक आकाश राजेश गहलोट सहित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना और हवन किया। इस दौरान भगवान श्रीराम से रामलीला के सफल एवं भव्य आयोजन की कामना की गई।

इस वर्ष द्वारका की रामलीला का प्रमुख आकर्षण 221 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। सोसायटी की ओर से इसे भव्य स्वरूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 221 फीट का रावण पुतला दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

इस अवसर पर आकाश राजेश गहलोत ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति को समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण पर्व है। रामलीला के माध्यम से सत्य, धर्म, मर्यादा और सदाचार का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष रामलीला को भव्य बनाने के साथ-साथ दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मंच, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था सहित आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी की जाएंगी।

भूमि पूजन के साथ ही रामलीला मैदान में तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।