धूमधाम से निकाला गया जुलूस ए मोहम्मदी

SHARE:

 

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धूमधाम से निकाला गया जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ

संवाददाता बिश्वमोहन चौधरी संत

हाजीपुर/महुआ/महनार/पातेपुर (वैशाली):
जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ के पावन अवसर पर वैशाली जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं गांवों में जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ पूरी अकीदत, सम्मान, उत्साह एवं शांतिपूर्ण वातावरण में निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से युवाओं ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की विलादत की खुशी में जुलूस-ए-मोहम्मदी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर जिले के बिदुपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित मदरसा दारुल कुरआन गौसिया, किला लरुई, हाजीपुर, वैशाली के तत्वावधान में छमाही परीक्षा भी हजरत मौलाना मोहम्मद तबारक हुसैन अमजदी कादरी साहब एवं हाफिज मोहम्मद अरशद रज़ा साहब की निगरानी में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

इस खुशी और उत्साह से भरे माहौल में मदरसा दारुल कुरआन गौसिया के परिसर में मदरसा के सचिव डॉ. मोहम्मद जमाल अंसारी के संरक्षण एवं हाफिज मोहम्मद खतीब आजम साहब की अध्यक्षता में बीती शाम महफिल-ए-पाक का आयोजन किया गया।

जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ के अवसर पर सुबह 8:30 बजे मदरसा परिसर से जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ निकाला गया, जो फलहारा बाजार, काशीपुर तेतरा होते हुए पुनः मदरसा परिसर पहुंचा। जुलूस के दौरान अकीदतमंदों की जुबान पर नारा-ए-तकबीर, नारा-ए-रिसालत, सरकार की आमद मरहबा, पत्ती-पत्ती फूल-फूल या रसूल या रसूल जैसे नारे गूंजते रहे।

जुलूस में शामिल लोग अपने हाथों में तिरंगा एवं इस्लामी झंडे लिए हुए नजर आए। पूरे रास्ते श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।

इसके बाद मदरसा के बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया तथा डॉ. मोहम्मद जमाल अंसारी के हाथों बच्चों के बीच धार्मिक पुस्तकों का पुरस्कार के रूप में वितरण किया गया।

इस अवसर पर मोहम्मद चांद रज़ा अशरफी, गुलाम गौस, मौलाना मोहम्मद सरफराज, मोहम्मद नियाज अहमद, भुट्टो भाई, अब्दुल मन्नान सहित सैकड़ों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।

वहीं जंदाहा प्रखंड क्षेत्र के रसूलपुर गांव में भी रसूलपुर मुस्लिम टोला की ओर से जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ निकाला गया। इसमें मौलवी मोहम्मद रोज़ीद अंसारी, नूर मोहम्मद, मोहम्मद अशरफ, मोहम्मद नाजिम अंसारी, मोहम्मद सुल्तान, मोहम्मद नूर ऐन, मोहम्मद अजमत, मोहम्मद रहमत, मोहम्मद अली हसन, मोहम्मद मोइनुद्दीन, मोहम्मद अकबर अली, मोहम्मद समद सहित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निकाले गए जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ के दौरान लोगों ने आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द का संदेश दिया और पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।