नई दिल्ली । मंडावली इलाके में आठ साल की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। देर शाम घर से बाहर निकली पीड़िता को आरोपी एक खाली दुकान में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया।

रोती हुई पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को पूरी वारदात बताई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है।

पीड़िता के पिता मंडावली में किराए के मकान में रहते हैं। रविवार शाम वह मकान खाली कर दूसरी जगह जाने की तैयारी में थे। मां ने बच्ची को पड़ोस से पीने का पानी लाने के लिए भेजा, लेकिन इस बीच एक युवक उसे बहला फुसलाकर खाली दुकान में ले गया। बच्ची के बताए हुलिये के आधार पर पुलिस आरोपी का पता लगाने में जुटी है। एक एनजीओ के सदस्यों ने सोमवार को बच्ची की काउंसिलिंग भी की।

मकान मालिक के बेटे ने युवती से किया दुष्कर्म

मधु विहार इलाके में मकान मालिक के बेटे ने एक 20 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान नदीम के रूप में हुई है। वेस्ट विनोद नगर निवासी पीड़िता एक निजी अस्पताल में काम करती है। रविवार को वह अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान नदीम ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी, लेकिन इस बीच आरोपी भाग निकला। पुलिस पीड़िता को मेडिकल के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गई। दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मामला दर्ज कर इलाके से ही आरोपी को दबोच लिया गया। सोमवार को नदीम को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप

जिले में दुष्कर्म का तीसरा मामला शकरपुर थाने में दर्ज किया गया। करीब 40 वर्षीय महिला के पति की करीब दस साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद से वह एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सोमवार सुबह महिला ने शिकायत दी कि आरोपी शादी का झांसा देकर पिछले कई वर्षों से उसका यौन शोषण कर रहा था। लेकिन अब उसने शादी से साफ इन्कार कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक मजिस्ट्रेट के सामने महिला के बयान ले लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

loading...