
बिहार/लखीसराय
स्लग:- नीट परीक्षा में सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़,कुल 30 गिरफ्तार
– जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर 1000 परीक्षार्थी परीक्षा में हुए थे शामिल
– केंद्रीय विद्यालय केंद्र से सबसे अधिक सात स्कॉलर पकड़े गए, बायोमेट्रिक प्रक्रिया पर भी उठे सवाल
– प्रति अभ्यर्थी 10 लाख रुपये की डील का खुलासा, मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न बताए जा रहे गिरफ्तार मुन्नाभाई
:- लखीसराय में हो रहे नीट परीक्षा में कथित तौर पर दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने वाले ‘फर्जी परीक्षार्थियों’ का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 30 लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि पदाधिकारियों का दावा है कि सॉल्वर गैंग के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी हेतु छापेमारी जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम शैलेंद्र कुमार, एसपी प्रेरणा कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार सहित कई वरीय पदाधिकारी लगातार छापेमारी और पूछताछ में जुटी हुई हैं। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न हैं। पूछताछ के दौरान सभी आरोपी बार-बार अपना नाम और पहचान बदलने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे जांच के दौरान अबतक उनकी वास्तविक पहचान सत्यापित करने में अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ रही है।
———
प्रत्येक परीक्षार्थी पर दस लाख की हुई थी डील…
जांच में यह भी सामने आया है कि प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए लगभग 10 लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। इसमें 50 से 70 हजार रुपये अग्रिम राशि के रूप में दिए गए थे, जबकि शेष भुगतान मेडिकल कॉलेज आवंटन के बाद किए जाने की बात तय हुई थी। इस खुलासे के बाद शिक्षा जगत और अभिभावकों के बीच हड़कंप मच गया है। मामले में लखीसराय स्थित केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र सबसे अधिक चर्चा में है, जहां से सबसे ज्यादा सात मुन्नाभाई गिरफ्तार किए गए हैं। आरोप है कि परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान मशीन को बंद कर कुछ अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश कराया गया। इस आरोप के बाद बायोमेट्रिक प्रक्रिया से जुड़ी एजेंसी भी जांच के दायरे में आ गई है। एजेंसी के कुछ कर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नौ गिरफ्तार मुन्नाभाई में से एक केंद्रीय विद्यालय में मधुप्रिया नामक परीक्षार्थी के बदले परीक्षा दे रही गिरीडीह की बीएचयू मेडिकल कॉलेज की इंटर्न छात्रा पूनम कुमारी जो थर्ड इयर की स्टूडेंट है।वो भी पकड़ी गई है। अन्य पकड़े गए मुन्नाभाई दिल्ली, रायबरेली, पीएमसीएच और एम्स के इंटर्न बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की पूरी गंभीरता से जांच कर रही है। इस संबंध में एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि पकड़े गए सभी नौ लोग किसी न किसी संस्थान में इंटर्न हैं। इस मामले में किसी का नाम नहीं बताया जा सकता है। वरीय अधिकारी खुद सभी से पूछताछ कर रहे हैं। बता दें कि खबर लिखे जाने तक 30 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। जिसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रेसवार्ता कर दिए जाने की संभावना है।


