50 साल पुराने कीमती पेड़ों की कटाई का जिम्मेदार कौन 50 sal purane kimti pero ki katai ka jimmedarikon

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

कोशी कालोनी जानकीनगर परिसर से लाखों रूपए मूल्य के पेड़ों की अवैध कटाई बनमनखी पूर्णिया नगर पंचायत जानकीनगर स्थित कोशी कालोनी जानकीनगर के परिसर से अवैद्य रूप से विशाल पेड़ों की कटाई एवं उसे गायब कर देने का मामला प्रकाश में आया है। सिंचाई विभाग के एसडीओ आवास के निकट सेमल एवं शीशम का दो विशालकाय छायादार पेड़ अज्ञात लोगों के द्वारा दिन के उजाले में कटवाकर एवं उसे गायब कर दिया गया है। इस संबंध में सिंचाई विभाग बनमनखी के प्रमंडल कार्यपालक पदाधिकारी, वन क्षेत्र अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर अवैद्य रूप से पेड़ों की कटाई तथा लाखों रूपए राजस्व की सेंधमारी करनेवाले लोगों के विरूद्ध समुचित कार्रवाई करने की मांग की गई है। अधिकारियों को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि इसमें एक विशाल सेमल का पेड़ करीब 50/60 साल पुराना था और लगभग 80 फीट ऊंचा था। दूसरा पेड़ शीशम का था। पेड़ों की कटाई का जियो टैगिंग के माध्यम से फोटोग्राफ्स भी सोशल मिडिया पर वायरल हो रहा है। कयास लगाया जा रहा है कि इस घटना से बिहार सरकार सिंचाई विभाग और वन विभाग के राजस्व में लाखों रूपए की सेंधमारी हुई है। आवेदनकर्त्ता ने बताया कि कोशी कालोनी परिसर से काटे गए पेड़ों की बरामदगी तथा इस घटना में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरूद्ध विधिसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए। मिली जानकारी अनुसार बुधवार को विभागीय कुछ लोगों के द्वारा कटे हुए पेड़ों की स्थलीय जांच-पड़ताल की गई है तथा उक्त स्थल की पैमाइश भी की गई है। इस घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि जब दिन के उजाले में पेड़ों की कटाई एवं उसे वहां से गायब किया गया तो पदस्थापित अधिकारी एवं कर्मी ने उसे क्यों नहीं रोका ? इतना ही नहीं परिसर से काटे गए पेड़ बाहर कैसे निकला? कोशी परिसर के मुख्य द्वार पर रात में ताले लगा दिए जाते हैं तो इसके बावजूद परिसर से इतने विशालकाय हरे-भरे कटे पेड़ कैसे बाहर निकाले गए? इस घटना में पदस्थापित पदाधिकारी एवं कर्मियों की संलिप्तता से इन्कार नहीं किया जा सकता। इस घटनाक्रम को लेकर आमजन चिंतित हैं। इसकी निष्पक्ष जांच पड़ताल एवं दोषी व्यक्तियों पर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की मांग लोग कर रहे हैं। अधिकारियों ने इस मामले में जांच-पड़ताल कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।