- तिब्बत से आई अचानक बाढ़ ने नेपाल में मचाई भारी तबाही, कई लोग लापता।
- वसीमअहमद राणा

काठमांडू/रासुवा। नेपाल में बुधवार सुबह तिब्बत सीमा से लगे रासुवा जिले में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बाढ़ का सबसे अधिक असर स्याफ्रुबेसी और तिमुरे क्षेत्र में देखने को मिला, जहां कई घर, सड़कें, पुल और अन्य ढांचे बह गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
अचानक आई बाढ़ से तिमुरे बाजार में बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। भोटेकोशी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और सेना की टीमें जुटी हैं। हालांकि जलस्तर अधिक होने के कारण प्रभावित क्षेत्रों में हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग में भी परेशानी आ रही है।
बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री बालेन्द्र (बालेन) शाह ने आपात बैठक बुलाई है। सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं तथा कई जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
इस प्राकृतिक आपदा से नेपाल में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बिजली उत्पादन, सड़क संपर्क और सीमावर्ती व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। अधिकारियों के अनुसार करीब 430 मेगावाट जलविद्युत क्षमता प्रभावित हुई है।
प्रशासन की ओर से लोगों से नदी और निचले इलाकों से दूर रहने तथा लगातार सतर्क रहने की अपील की गई है। लापता लोगों की तलाश और प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए अभियान जारी है।


