जहानाबाद/बिहार(संवाददाता अनिल कुमार गुप्ता) – भारत के स्वतत्रंता के 75 वर्ष पूर्व होने के उपलक्ष्य में *”आजादी के अमृत महोत्सव ” के अंतर्गत ऊर्जा और नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार एवं जिला प्रशासन, जहानाबाद के संयुक्त तत्वावधान में 26 और 28 जुलाई, 2022 को “उज्जवल भारत, उज्जवल भविष्य-पावर @2047” उत्सव* के सफल आयोजन हेतु आज उप विकास आयुक्त श्री परितोष कुमार की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया।

बैठक में बताया गया कि जहानाबाद में दिनांक 26 जुलाई, 2022 को पूर्वाहन 11:00 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक अब्दुलबारी नगर भवन, जहानाबाद में तथा दिनांक 28 जुलाई, 2022 को पूर्वाहन 11:00 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक नगर पंचायत सामुदायिक भवन, मखदुमपुर में उत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में सार्वभौमिक घरेलू विद्युतीकरण/ ग्रामीण विद्युतीकरण/ वितरण प्रणाली सुदृढ़ीकरण पर फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ हीं विद्युतीकरण योजना के लाभुकों द्वारा अपने अनुभवों को कार्यक्रम में साझा किया जाएगा। पावर जनरेटर क्षमता वितरण, एक राष्ट्र एक ग्रिड, नवीनीकरणीय ऊर्जा तथा बिहार सरकार की ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्धियों से संबंधित फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। साथ हीं नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन कला जत्था के टीम द्वारा किया जाएगा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विभिन्न कार्यों के कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए दायित्व पर परिचर्चा की गई। कार्यक्रम स्थल पर स्टेज निर्माण एवं स्टेज की संपूर्ण व्यवस्था हेतु प्रभारी पदाधिकारी, जिला विकास शाखा तथा कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल, जहानाबाद को दिया गया है। इसके साथ ही जिला जन संपर्क पदाधिकारियों को मीडिया तथा नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के समन्वय एवं संयोजन से संबंधित दायित्व दिया गया है। प्रभारी पदाधिकारी, जिला विधि शाखा को अतिथियों के स्वागत का दायित्व दिया गया है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर एलसीडी स्क्रीन अधिष्ठापन एवं अन्य आयोजन से संबंधित कार्य जिला नजारत उप समाहर्ता एवं कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल जहानाबाद को दिया गया है। इस बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी जहानाबाद को उक्त स्थल पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया तथा सिविल सर्जन को चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही जिला अग्निशमन पदाधिकारी को अग्निशामक वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

updated by gaurav gupta 

loading...