हिमाचल प्रदेश (कांगड़ा): जैसे जैसे हिमाचल प्रदेश के चुनाव नज़दीक आते जा रहे है | वैसे वैसे भारतीय जनता पार्टी की मुसीबतें बढ़ती जा रही है | इसी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में आयोजित चुनावी रैली में कहा कि जो यहां जीतता है वही राज्य में सरकार बनाता है। पीएम मोदी के बयान से साफ है कि कांगड़ा में बीजेपी अपना परचम फहराने के लिए बेताब है। हिमाचल प्रदेश में कुल 68 विधान सभा सीटें हैं जिनमें से सर्वाधिक 15 कांगड़ा जिले में हैं। राज्य के कुल 12 जिलों में सर्वाधिक विधायक इसी जिले से चुने जाते हैं।बताया जा रहा है बीजेपी के लिए कांगड़ा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले विधान सभा चुनाव में यहां की 15 सीटों में से 10 पर कांग्रेस को जीत मिली थी और राज्य में कांग्रेस की ही सरकार भी बनी थी। हिमाचल प्रदेश में नौ नवंबर को विधान सभा चुनाव के लिए मतदान होना है। नतीजे 18 दिसंबर को आएंगे।
साल 2012 में हुए विधान सभा चुनाव में बीजेपी को कांगड़ा की दो विधान सभा सीटों पर ही जीत मिली थी। विधान सभा सीट के मामले में मंडी (10) और शिमला (8) कांगड़ा के बाद सबसे बड़े जिले हैं। राज्य में बहुमत के लिए 35 विधायक चाहिए होते हैं। ऐसे में इन तीन जिलों के प्रदर्शन से ही किसी भी पार्टी के सत्ता में पहुंचने की राह खुलती है। कांग्रेस की वीरभद्र सिंह सरकार के पास अभी 35 विधायकों का समर्थन है। वहीं बीजेपी के पास 28 विधायक हैं। पिछले चुनाव में चार सीटों पर निर्दलीय विजयी हुए थे। एक सीट फिलहाल खाली है। अनुभवी आंखें न्यूज़ ब्यूरो रिपोर्ट

loading...